हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
सउदी अरब में मौत के बाद मुस्लिम समझकर दफनाए गए ऊना के युवक संजीव कुमार की अस्थियां अब उनके परिजनों को मिल पाएंगी। इन अस्थियों को कब्र खोदकर वापस भारत भेजा रहा है।
यह युवक गुरूसर ऊना का रहने वाला था और 24 जनवरी, 2021 को मौत के बाद उसे वहीं दफना दिया गया था, जबकि वह धर्म से हिंदू था। परिजनों की मांग और ऊना के विधायक सतपाल रायजादा द्वारा विधानसभा में ये मामला उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बारे में मदद का भरोसा दिलाया था।
शनिवार को बजट सत्र के आखिरी दिन मुख्यमंत्री ने एक बयान सदन में रखा। इसमें कहा गया है कि उन्होंने विदेश मंत्री भारत सरकार से ये मामला उठाया था। अब सउदी से इस युवक के अवशेष भारत लाने पर सहमति बन गई है। जल्द ही परिवार को ये अस्थियां मिल जाएंगी, ताकि अपनी परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार किया जा सके।