साहिल डढवाल। नूरपुर
जिला के रैहन छतर क्षेत्र में फीमेल हेल्थ वर्कर को जातिसूचक शब्द कहने और आशा वर्कर से बदसलूकी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटनाक्रम को लेकर कर्मचारी संघ, गुरु रविदास महासभा और भाजपा के एससी मोर्चा ने कड़ी निंदा की है। कर्मचारी महासंघ जिला इकाई अध्यक्ष अश्वनी कुमार ने कहा कि आज के समय मे भी कर्मचारियों के साथ जातीय आधार पर दुर्व्यवहार किया जा रहा है जो असहनीय है।
अश्वनी कुमार ने कहा कि सरकार ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कारवाई करे। दूसरी ओर गुरु रविदास सभा नूरपुर के संयोजक कुलदीप सिंह ने कहा कि छतर में महिला कर्मचारियों के साथ जो हुआ वो शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि आज 21वीं सदी चल रही है लेकिन कुछ लोग इंसान को इंसान ना समझकर जातीय आधार पर भेदभाव करते हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है दोषी लोगों पर सख्त कारवाई की जाए। वहीं भाजपा एससी मोर्चा के नूरपुर जिलाध्यक्ष केवल सिंह ने इस घटनाक्रम की निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कारवाई करने की मांग की है। गौरतलब है कि रेहन छतर इलाके में एक महिला पुलिस कांस्टेबल पर आशा वर्कर, वार्ड मेंबर और फीमेल हेल्थ वर्कर के साथ बतमीजी करने और फीमेल हेल्थ वर्कर को जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगे थे। इस बात को लेकर नूरपुर पुलिस थाना में एफआईआर भी दर्ज हुई है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।