हिमाचल दस्तक टीम। धर्मशाला/शिमला
धर्मशाला में चल रही भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में आखिरी दिन कोर ग्रुप की बैठक भी तय हो गई है। इस बैठक मेें न केवल सरकार के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा होगी, बल्कि बोर्ड निगमों में नियुक्त ओहदेदारों के काम को भी पार्टी परखेगी।
कोर गु्रप में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, तीनों महामंत्री, संगठन महामंत्री और चारों सांसद शामिल होंगे। पहले तय शेड्यूल में कोर ग्रुप की बैठक प्रदेश कार्यसमिति के साथ तय नहीं थी। लेकिन अब इसे जोड़ा गया है। राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी वीरवार को बैठक में आएंगे।
बुधवार को पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी बैठक में शामिल हुए। चार नगर निगमों में आने वाले चुनाव की रणनीति के अलावा एक बड़ा फैसला भाजपा ने ये लिया है कि जो लोग अभी पंचायती राज चुनाव में जीते हैं, उन्हें सीधे तौर पर पार्टी से जोड़ा जाएगा। 9 जिलों के जिला परिषद अध्यक्षों को वीरवार को प्रदेश कार्यसमिति में बुलाया गया है। इन्हें प्रदेश कार्यसमिति का हिस्सा बनाया जा रहा है।
राज्य में 12 में से कुल 11 जिलों में जिला परिषद के चुनाव हुए थे। इनमें से 9 में वर्तमान में भाजपा के जिला परिषद अध्यक्ष हैं। केवल कुल्लू और शिमला जिलों में कांग्रेस के जिला परिषद अध्यक्ष हैं। लाहौल स्पीति में चुनाव नहीं हुए थे। ऐसे में इन 9 जिला परिषद अध्यक्ष को भाजपा प्रदेश स्तर पर अपना सदस्य बनाएगी। जो पंचायत प्रधान और बीडीसी मेंबर जीते हैं, उन्हें भी मंडल या जिला की कार्यकारिणी से जोड़ा जाएगा, ताकि हर तीन महीने बाद होने वाली बैठकों से ये जुड़े रहें। ये कदम आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बनाई जा रही रणनीति के हिसाब से है।
जेपी नड्डा के प्रदेश कार्यसमिति में आने के कारण भाजपा के सभी मंत्री और विधायक धर्मशाला में पहुंच गए हैं। प्रदेश कार्यसमिति 19 तक चलेगी और 19 की शाम को ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिमला लौट आएंगे। इसके बाद 22 फरवरी को कैबिनेट की बैठक वह लेंगे और 26 मार्च से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो जाएगा।