नरेंद्र शर्मा। मंडी
सियासत की पिच पर कई रिकॉर्ड बने हैं और टूटे भी हैं। लेकिन कई बार ऐसे रिकॉर्ड बन जाते हैं, जो कई दिनों तक प्रत्याशियों के लिए हर समय चुनौती पेश करते हैं। मंडी की लोस पिच पर पूर्व सांसद स्व. रामस्वरूप शर्मा और पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह ने भी दो ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोडऩा किसी भी प्रत्याशी के लिए आसान नहीं होगा। स्व. रामस्वरूप शर्मा ने मंडी लोस सीट से अब तक का सबसे अधिक वोटों से जीतने का रिकॉर्ड दर्ज किया है, जबकि दूसरा रिकॉर्ड स्व. वीरभद्र सिंह के नाम है। उन्होंने मंडी लोस सीट में ही सबसे अधिक मत प्रतिशतता लेने का रिकॉर्ड स्थापित किया है। वीरभद्र सिंह का यह रिकॉर्ड पिछले करीब 50 साल से अटूट बना हुआ है। हालांकि कुछ प्रत्याशी इसके नजदीक पहुंचे भी हैं पर वे वीरभद्र के मत प्रतिशतता के रिकॉर्ड को ध्वस्त नहीं कर पाए हैं।
क्या है रामस्वरूप शर्मा का रिकॉर्ड
रामस्वरूप शर्मा के नाम हाइएस्ट मार्जिन का रिकॉर्ड है। यह रिकॉर्ड 2019 के लोस चुनाव में 4,05,459 वोटों से जीत दर्ज करने का है। उन्होंने इस चुनाव में अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रत्याशी को 4,05,459 वोटों से पराजित किया था। हालांकि रामस्वरूप शर्मा ने कुल 6,47,189 वोट अर्जित किए थे। इस कारण मंडी लोस सीट पर हाइएस्ट वोटों से जीतने का रिकॉर्ड रामस्वरूप के नाम स्थापित हुआ।
कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों की मत प्रतिशतता
कांग्रेस प्रत्याशियों ने 1951 के चुनाव में अमृतकौर ने 26.89 प्रतिशत, 1957 में जोगिंद्र सेन ने 63.45, 1962 में ललित सेन ने 63.56, 1967 में ललित सेन ने 57.65, 1971 में वीरभद्र सिंह ने 71.95, 1977 में वीरभद्र सिंह ने 35.52, 1980 में वीरभद्र ने 56.60, 1989 में सुखराम ने 67.52, 1991 में सुखराम ने 49.70, 1996 में सुखराम ने 62.44, 1998 में प्रतिभा सिंह ने 35.38, 1999 में कौल सिंह ठाकुर ने 37.01, 2004 में प्रतिभा सिंह ने 53.41, 2009 में वीरभद्र सिंह ने 47.82, 2013 में प्रतिभा सिंह ने 60.71, 2014 में प्रतिभा सिंह ने 44.46 और 2019 में आश्रय शर्मा ने 25.68 प्रतिशत मत हासिल किए थे।
भाजपा प्रत्याशियों की मत प्रतिशतता
1984 में महेश्वर सिंह ने 27.86 मत प्रतिशत, 1989 में महेश्वर सिंह ने 50.36, 1991 में 44.03, 1996 में अदन सिंह ने 33.29, 1998 में महेश्वर सिंह ने 62.44, 1999 में महेश्वर सिंह ने 62.01, 2004 में महेश्वर सिंह ने 43.47, 2009 में महेश्वर सिंह ने 45.85, 2013 में जयराम ठाकुर ने 37.23, 2014 में रामस्वरूप शर्मा ने 49.94, 2019 में 68.75 मत प्रतिशत हासिल किए थे।
सबसे कम आश्रय शर्मा की मत प्रतिशतता
कांग्रेस क ी ओर से अब तक सबसे कम मत प्रतिशतता प्रत्याशी आश्रय शर्मा की रही है। उन्होंने पिछले 2019 के चुनाव में 25.68 प्रतिशतता दर्ज की है, जबकि भाजपा की ओर से प्रत्याशी अदन सिंह की 33.29 मतप्रतिशता है। हालांकि महेश्वर सिंह ने एक चुनाव में 27.86 मत प्रतिशत हासिल किए थे, जिसमें सुधार करते हुए 1998 में महेश्वर सिंह ने 62.44 प्रतिशतता दर्ज की थी।