चंद्रमोहन। ऊना
स्वास्थ्य सुविधाओं पर एंबुलेंस सेवा बंद होने का बुरा प्रभाव पड़ सकता है। स्वास्थ्य सेवा में 108 व 102 ने जिस प्रकार सुविधाएं दी है, उससे ये सेवाएं स्वास्थ्य क्षेत्र की लाइफ लाइन बन गई है। ऐसे हलात में जिला ऊना में 108 व 102 के कर्मचारियों ने अपनी मांगे पूरी न होने के चलते हड़ताल करने का ऐलान कर दिया है।
रविवार को 108 व 102 वाहन सेवा पूरी तरह से बंद रही, जिसके चलते मरीजों व गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
108 व 102 कंटे्रक्टर वर्कर यूनियन जिला ऊना के अध्यक्ष पूर्ण चंद ने कहा कि कंपनी द्वारा एक वर्ष पहले वेतन बढ़ाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वेतन बढ़ाया नहीं गया है। न ही कार्रवाई की गई है। उल्टा कर्मचारियों को बदला जा रहा है, प्रताडित किया जा रहा है, जो कि सहन नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में दिन-रात सेवाएं दी गई है, लेकिन काम की कोई कद्र नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि यदि मांगों के प्रति इसी प्रकार ढुलमुल रवैया रहता है, तो हड़ताल के सिवाए कोई चारा नहीं है। कर्मचारी हड़ताल पर गए हैं। हमारी मांग है कि सरकार न्याय संगत मांगों को पूरा करें। यदि सरकार हमारी मांगे स्वीकार नहीं करती है, तो हड़ताल जारी रहेगी।