टेकचंद वर्मा : शिमला
प्रदेश के मैदानी इलाके मार्च में ही भट्ठी की तरह तपने लगे हैं। मैदानी इलाकों में दिन के समय लोगों का घरों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा में लोगों को दिन के समय भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ऊना का पारा तो 35 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। बीते कुछ सालों के दौरान यह पहला अवसर है कि 21 मार्च तक ऊना में इतना अधिक पारा रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के तहत मंगलवार को भी मौसम साफ बना रहेगा, जबकि पहाड़ों पर 23 व 24 मार्च को गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ बना रहा।
दिन के समय चटक धूप खिली रही। तेज धूप के खिलने से अधिकतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी आई है। अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया है। तापमान में बढ़ोतरी आने से ऊना का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। ऊना के साथ-साथ हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, सोलन व सुंदरनगर में भी जनता को दिन के समय भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। तापमान में इजाफा आने से मैदानों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी दिन के समय गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाकर रख दिए हैं।
कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में भी गर्मी का कहर, 23 व 24 मार्च को पहाड़ों पर बारिश की संभावना
बीते २4 घंटों के दौरान एक-दो जगह हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान पहाड़ों पर एक-दो स्थानों पर बारिश हुई है। कल्पा में दो सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। पहाड़ों पर बारिश होने से न्यूनतम तामपान में हल्की गिरावट आई है। मगर राज्य में अभी भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में जनता को रात के समय भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मगर आगामी दिनों के दौरान बारिश होती है तो लोगों को पड़ रही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
समूचे राज्य में मंगलवार को मौसम साफ बना रहेगा। 23 व 24 मार्च को पहाड़ों पर गर्जन के साथ बारिश हो सकती है।
-सुरेंद्र पाल, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र।