हिमाचल दस्तक। ऊना
जिला ऊना में पहली बार भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से धान की खरीद के लिए खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 15 अक्तूबर से किसानों से धान की फसल की खरीद शुरू हुई है और इन 2 दिनों में जिला के किसानों से भारतीय खाद्य निगम द्वारा 500 क्विंटल से ज्यादा धान की फसल खरीदी गई है।
किसानों की सुविधा और कोविड-19 के चलते सरकार द्वारा स्लॉट बुकिंग के जरिये ही किसानों को मंडी में बुलाया जा रहा है जिसके चलते रोजाना 25 किसान ही टकारला मंडी में स्थापित धान खरीद केंद्र में पहुँच अपनी फसल बेच सकते हैं। इससे पहले जिला ऊना में गेहूं की भी रिकॉर्ड खरीदारी भारतीय खाद्य निगम द्वारा की गई थी।
भारतीय खाद्य निगम के अधिकारी विकास काले ने बताया कि किसानों से गुणवत्ता के आधार पर और सरकार द्वारा तय दामों पर ही धान की फसल खरीदी जा रही है।
वहीँ जिला में ही अपनी फसल भारतीय खाद्य निगम द्वारा खरीदे जाने को लेकर किसान भी खासे उत्साहित हैं। किसानों की मानें तो इससे पहले उन्हें अपनी धान की फसल बेचने के लिए पंजाब का रुख करना पड़ता था और उसके लिए भारी-भरकम भाड़ा भी खर्चना पड़ता था, लेकिन सरकार द्वारा जिला ऊना में ही धान खरीद केंद्र स्थापित करने से किसानों को खासा लाभ हो रहा है।