चंद्रमोहन चौहान। ऊना
प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर और उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाने साधे। दोनों मंत्रियों ने जहां एक और कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह दे डाली। वहीं प्रदेश भाजपा सरकार पर माफिया को संरक्षण देने के लिए लगाए जा रहे आरोपों का भी करारा जवाब दिया है।
पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद अब कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है। वहीँ उद्योग मंत्री ने कहा कि 3 साल से भाजपा सरकार पर खनन माफिया को संरक्षण देने के आरोप जड़ने वाली कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए। जनता भाजपा और कांग्रेस सरकारों के समय में दी गई खनन लीज का तुलनात्मक विश्लेषण करने पर स्वयं ही जान जाएगी कि किसने माफिया को संरक्षण दिया।
प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी करनी का फल लगातार मिलता आ रहा है। जिस पंचायती राज चुनाव को कांग्रेस से भाजपा के सत्ता का सेमीफाइनल बता रही थी उसी सेमीफाइनल में भी कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर आरोप जड़ने की बजाय कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है। भाजपा को चुनाव दर चुनाव भारी जनादेश मिल रहा है जबकि कांग्रेस ऊना जिला में ही कई स्थानों पर अपने प्रत्याशी तक खड़े करने में असमर्थ रही है। ना तो कांग्रेस को चुनाव के लिए प्रत्याशी ढूंढे से मिल रहे हैं और ना ही उन प्रत्याशियों का नाम प्रस्तावित करने के लिए प्रस्तावक।
कंवर ने नेता विपक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अब कांग्रेस को कार्यक्रमों में लग रहे टैंटों के रंगों से भी परेशानी होने लगी है। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार पर माफिया संरक्षण को लेकर जड़े जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए भाजपा पर निराधार आरोप लगा रही है। लेकिन यही आरोप कांग्रेस के लिए और भी घातक सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि माफिया संरक्षण के आरोप लगाने वाली कांग्रेस ही दरअसल खुद माफिया की संरक्षक और जननी रही है।
बिक्रम ठाकुर ने कहा कि खनन को लेकर 3 साल से शोर-शराबा कर रहे कांग्रेसी बताएं कि 3 साल के भाजपा सरकार के कार्यकाल में कितने खनन लीज बांटी गई, इतना ही नहीं वह जनता को यह भी बताने का कष्ट करें कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय कितने खनन पट्टे लोगों में बांटे गए थे। उद्योग मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के किसी भी आरोप का कोई आधार नहीं है। कांग्रेस के नेता मात्र जनता में बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। वहीँ उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही ग्लोबल इन्वेस्टर मीट दूसरी आउट ब्रेकिंग करेगी।