हरीश चौहान। गोहर
हिमाचल के पूर्व में 6 बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के निधन से जहां समूचा प्रदेश गमगीन है, वहीं विभिन्न क्षेत्रों से वीरभद्र सिंह के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के समाचार प्राप्त हो रहे हैं। अपने नेता की याद में ब्लाॅक कांग्रेस नाचन तथा व्यापार मंडल चैलचौक ने भी उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उनकी याद में नाचन के कई लोगों ने हाथ जोड़े रखे तो किसी की आंखों में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उनकी याद में 2 मिनट का मौन रखा गया। जब तक सूरज-चांद रहेगा, वीरभद्र सिंह का नाम रहेगा, वीरभद्र सिंह अमर रहे, राजा नहीं फकीर है हिमाचल की तकदीर है, जैसे नारों से समूचा क्षेत्र गूंज उठा।
नाचन कांग्रेस के ब्लाॅक अध्यक्ष नीलमणि ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन से पैदा हुए शून्यकाल की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के विकास को लेकर दिए गए वीरभद्र सिंह के अमूल्य योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
युगपुरुष वीरभद्र सिंह के निधन पर नाचन के विभिन्न नेताओं के साथ कार्यकर्ता जिनमें लाल सिंह कौशल, संजू डोगरा, ब्रह्मदास, केसरी लाल, सेवा दल प्रभारी प्रेम लाल गुडडू, नांडी पंचायत प्रधान फता राम, लाभचंद शर्मा, युवा कांग्रेसी यदापति, विनोद कुमार, शिवानी, चमन उपमन्यु सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गहरा दुःख प्रकट करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वहीं व्यापार मंडल चैलचौक की ओर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद ठाकुर, हेम सिंह सैणी, चिंत राम डोगरा, अधिवक्ता चेतन शर्मा, चेत राम ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।