राजीव भनोट। ऊना
जिला ऊना महिला कांग्रेस की अध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य पूर्व विधायक स्वर्गीय प्रकाश चंद की बहू उर्मिला शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के आधुनिक निर्माता के रूप में वीरभद्र सिंह को सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का निर्माण डॉ. वाईएस परमार ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के नेतृत्व में किया और जो नींव उन्होंने डाली, उसके आगे आधुनिक हिमाचल को बनाने का कार्य 6 बार के मुख्यमंत्री रहते हुए वीरभद्र सिंह ने किया।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने लोगों के दिलों पर राज किया और आज भी वह लोगों के दिलों में समाए हुए हैं। उनकी यादें सदैव हम सब के बीच रहेंगी। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से वीरभद्र सिंह का जाना कांग्रेस पार्टी, हिमाचल प्रदेश, सभी कार्यकर्ताओं व प्रदेश की जनता के लिए क्षति है, जिसे न तो पूरा किया जा सकता है, न ही उनका कोई विकल्प हो सकता है, क्योंकि 60 दशक तक राजनीति कर वीरभद्र सिंह स्वयं में एक ऐसी संस्था रहे हैं जिन्होंने धर्म, जाति, दलों से व क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर काम किया है।
उर्मिला ने कहा वीरभद्र ने अनेक ऐसे कानून बनाए जिन्होंने देश का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से वीरभद्र सिंह को हर वर्ग, हर दल व हर संस्था ने श्रद्धांजलि दी है आंखें नम की हैं, उससे साफ है कि वीरभद्र सिंह हिमाचल के इतिहास पुरुष बने हैं। उर्मिला शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ेगी और प्रदेश में मजबूत होकर वीरभद्र सिंह की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।