हिमाचल दस्तक ब्यूरो। नाहन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 7 वर्ष पूरे होने पर 30 मई को पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र और नगर परिषद में आइसोलेशन किट बांटी जाएंगी।
यह किट भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना संक्रमित लोग जो होम आइसोलेट हैं उन्हें प्रदान की जाएगी। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने बताया कि गत दिनों मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा होम आइसोलेशन किट का शुभारंभ किया गया है। यह किट पांवटा विधानसभा क्षेत्र की 36 पंचायतों और नगर परिषद के सभी वार्डों में होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे कोरोना संक्रमितों को वितरित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा भेजी गई किट उन्हें मिल गई है। वहीं पांवटा साहिब भाजपा मंडल ने भी 300 किट के करीब तैयार की हैं। उन्हें भी कार्यकर्ताओं द्वारा वितरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार कोरोना पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्हें विश्वास है कि जल्द ही इस महामारी पर काबू पा लिया जाएगा। सभी के प्रयासों से हिमाचल जल्द कोरोना मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि वह संक्रमितों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
उधर, पांवटा साहिब भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी से पूरा देश और प्रदेश प्रभावित हुआ है। इससे निपटने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है। प्रदेश सरकार की ओर से जारी आइसोलेशन किट भाजपा मंडल पांवटा साहिब को मिल चुकी है। वहीं कुछ किट भाजपा मंडल द्वारा तैयार की गई है। केंद्र सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर 30 मई को इसका वितरण नगर परिषद और पंचायतों में किया जाएगा।
गुप्ता ने हा कि कोरोना के इस संकट में भाजपा मंडल पांवटा साहिब लगातार कार्य कर रहा है। प्रत्येक बूथ पर दो-तीन कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने के लिए तैनात किए गए हैं। जहां जहां वैक्सीनेशन सेंटर वहां भी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करवाया जाए। इसके अलावा प्रत्येक पंचायत के लिए तीन-तीन कार्यकर्ता तैनात किए गए हैं। किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या हो पांवटा साहिब भाजपा मंडल उनकी हर संभव सहायता करेगा। उन्होंने लोगों से कोविड नियमों और सरकार द्वारा जारी एसओपी का पालन करने की अपील की है।
7 वर्ष पूरे होने पर लगाया जाएगा रक्तदान शिविर
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर पांवटा साहिब में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके मंडल कार्यकर्ता बढ़चढकऱ भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के प्रयासों से इस संकट काल में पांवटा साहिब विस क्षेत्र के लोगों के लिए किए गए कार्य पर भाजपा मंडल उनका आभार प्रकट करता है।