धीरज चोपड़ा। पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के शिवपुर में इन दिनों टारिंग करने के बाद ही उखड़ना शुरू हो गई है। टारिंग की गुणवत्ता को देखते हुए ग्रामीणों ने सड़क का कार्य बंद करवा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जो मैटीरियल कार्य में लाया जा रहा है, उसकी गुणवत्ता बहुत ही घटिया किस्म की है।
ग्रामीणों ने वीरवार को हुई टारिंग को हाथ से भी ही उखाड़ दिया। इससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि टारिंग की गुणवत्ता कैसी होगी। बताते चलें कि यह मार्ग बंगरण से किल्लोड़ तक जिला मार्ग के अंतर्गत आता है। इसकी डीपीआर सरकार ने विभाग को भेज दी है।
उधर प्रदेश कांग्रेस महासचिव अनिंदर सिंह नॉटी ने बताया कि सरकार को इस तरह जनता के पैसों का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सड़क पर लग रहे मैटीरियल की गुणवत्ता ठीक नहीं है। विभाग को शीघ्र ही इस रोड को दोबारा से उखाड़कर इसका कार्य करना चाहिए।
उधर इस बारे में एक्सईएन केएल चौधरी ने बताया कि सड़क की टारिंग उखड़ी है, जिसे देखते हुए काम रोक दिया है और इसे बरसात के बाद दोबारा किया जाएगा।








