धीरज चोपड़ा। पांवटा साहिब
पांवटा में नगर पालिका कांप्लेक्स के नीचे बेसमेंट में जगह-जगह कूड़ा बिखरा हुआ है। इससे आसपास के दुनकानदारों को भारी परेशानी हो रही है। जगह-जगह गंदगी पसरने से मच्छर पनपने लगे हैं। इससे बीमारियां फैलने का डर भी सताने लगा है। कांप्लेक्स के दुनकानदारों ने नगर पालिका से यहां पर साफ-सफाई की गुहार लगाई है।
बता दें कि शहर को साफ-सुथरा रखने वाली नगर पालिका के अपने ही एमसी कांप्लेक्स के नीचे कूड़े के इतने ढेर लगे हुए हैं कि वहां लोग खड़े भी नहीं हो सकते। इस कांप्लेक्स में लगभग 10 दुकानें बनी हुई हैं और नगर पालिका न तो इसे किराये पर दे रही है और न ही इसकी सफाई करवा रही है। इसके चलते यहां गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। दुकानदारों ने बताया कि हिमाचल दस्तक में एक बार खबर छपने के बाद कांप्लेक्स को चकाचक कर दिया गया था, लेकिन अब फिर से यहां कूड़े के ढेर लगना शुरू हो गए हैं।
एक व्यापारी मदन शर्मा ने बताया कि इस गंदगी के कारण पूरे कांप्लेक्स में मच्छर पैदा हो गए हैं, जिसके चलते दुकान में बैठना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि इसके बारे में कई बार नगर पालिका को शिकायत की गई, पर अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। दुकानदार सचिन गर्ग व अशोक ने बताया कि शाम होते ही यहां पर नशेड़ी आकर डेरा जमा लेते हैं। इस दौरान नगरपालिका के ईओ एसएस नेगी ने बताया कि जल्द ही इस कांप्लेक्स के बेसमेंट को साफ करवाया जाएगा और इसकी मरम्मत करवाकर इसे किराये पर चढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को शीघ्र ही पूरा किया जाएगा।