शिमला:
हिमाचल विधानसभा का नया अध्यक्ष कोई मंत्री भी हो सकता है। ऐसा हुआ तो वर्तमान कैबिनेट से यह तीसरे मंत्री की विदाई होगी। दिल्ली में जारी चुनाव प्रचार के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की लंबी बैठक हुई है।
यह बैठक पार्टी कार्यालय में हुई। इसके बाद ही चर्चाओं ने जोड़ पकड़ा है कि मंत्रियों के बीच से विधानसभा अध्यक्ष के पद के लिए विकल्पों पर चर्चा हुई। साथ ही आगे की कार्ययोजना पर भी वार्ता हुई है। यदि कोई मंत्री विधानसभा अध्यक्ष पद पर गया तो कैबिनेट में विस्तार के लिए तीन पद हो जाएंगे। वर्तमान में दो पद खाली हैं और इसी महीने इन्हें भरे जाने की संभावना है।
राज्य सरकार ने 25 फरवरी से बजट सत्र बुलाया है। पहले ही दिन इसमें राज्यपाल अभिभाषण के साथ विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव भी होगा। बजट सत्र 1 अप्रैल तक चलेगा और 6 मार्च को जयराम ठाकुर राज्य का बजट पेश करेंगे। माना जा रहा है कि इसके साथ मुख्यमंत्री न केवल अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे, बल्कि विभागों में भी फेरबदल हो सकता है। दिल्ली में हुई इस मुलाकात पर और भी कुछ बातें हुई हैं। इसी महीने जेपी नड्डा हिमाचल भी आ रहे हैं। उनके बेटे की शादी की धाम के लिए बिलासपुर और कुल्लू का चयन किया गया है। इसी दौरान राज्य सरकार उनका नागरिक अभिनंदन भी करेगी।