अनूप शर्मा। बिलासपुर
बिलासपुर शहर के समीप बिलासपुर-बंदला-सिहड़ा संपर्क मार्ग पर राधा कृष्ण मंदिर के पास एक ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार दंपति को चोटें आई हैं। इनमें से एक को प्राथमिक उपचार के बाद IGMC शिमला रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह रूप लाल निवासी चैहड़ अपने ऑटो में घर से अपनी पत्नी के साथ बिलासपुर की ओर आ रहा था। जैसे ही रूप लाल दनोह के पास स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास पहुंचा, ऑटो का अगला टायर खुल गया, जिससे वह एक पत्थर व पेड़ से जा टकराए।
हादसे में उनकी पत्नी भी घायल हुई है। उनके पीछे स्कूटर पर उनके ही गांव का जगदीश नाम का व्यक्ति आ रहा था। उसने अन्य ग्रामीणों की मदद से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में रूप लाल की बाजू टूटी है व छाती में चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने रूप लाल को उपचार के लिए IGMC शिमला रेफर कर दिया है।