शिमला : हिमाचल भाजपा का अध्यक्ष बनने से पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल वीरवार को इस पद से इस्तीफा देंगे। वह शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे और शनिवार को उनके नाम की घोषणा होगी। इस प्रक्रिया को पूरी करवाने के लिए दो केंद्रीय पर्यवेक्षक वीरवार को शिमला पहुंच रहे हैं।
चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए हाईकमान की तरफ से प्रदेश चुनाव अधिकारी और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक 16 जनवरी शाम को शिमला पहुंचेंगे। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर भी मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के लिए इन दोनों केंद्रीय नेताओं की निगरानी में ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव संपन्न होंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के लिए 17 जनवरी को प्रक्रिया शुरू होगी। बुधवार को इन चर्चाओं के बीच बिंदल को बधाई देने वालों का तांता भी जारी रहा। भाजपा नेता नरेंद्र बरागटा और विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज सहित कई नेता बिंदल के कक्ष में मौजूद थे। कई विधायकों और मंत्रियों ने डॉ. बिंदल को फोन पर बधाई दी।
पार्टी जो आदेश दे, उसका पालन करूंगा : बिंदल
मीडिया से बातचीत में डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि अगर पार्टी आदेश करेगी तो मैं अध्यक्ष पद का नामांकन भरना के लिए तैयार हूं। मुझे कोई दायित्व मिलता है तो मैं बखूबी उसे निभाने की कोशिश करूंगा। संगठन मेरे स्वभाव में है। बिंदल ने कहा कि इस बात का निर्णय हाईकमान करेगी कि पार्टी अध्यक्ष किसको बनाना है? लेकिन अगर कोई निर्णय होता है तो मैं पार्टी की हर आदेश का पालन होगा।
बिंदल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष बनने की पूरी प्रक्रिया में मेरी कोई भूमिका नहीं है। अगर पार्टी का आदेश आता है तो मैं विधानसभा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दूंगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के नाते 2 वर्ष का कार्यकाल अच्छा रहा। यह एक नया अनुभव था। मैंने नया काम करने की कोशिश की है।
पीटरहाफ में होगी बिंदल की ताजपोशी
भाजपा उपाध्यक्ष, सांसद एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के लिए 17 जनवरी, 2020 को नामांकन पत्र की प्रक्रिया भाजपा मुख्यालय दीपकमल में होगी। 18 को नए प्रदेश अध्यक्ष की चुनावी प्रक्रिया एवं घोषणा होटल पीटरहॉफ में होगी। ये प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल और राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर पर्यवेक्षक के रूप में शिमला आ रहे हैं। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के साथ ही प्रदेश में संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी।