चंद्र ठाकुर। नाहन
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर शुक्रवार को नाहन ब्लॉक कांग्रेस ने एसडीएम कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। यह धरना प्रदर्शन नाहन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ज्ञानचंद के नेतृत्व में किया गया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सोलंकी के अलावा अन्य प्रदेश व जिला पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष ज्ञान चंद ने बताया कि बीजेपी की सरकार चाहे वह केंद्र की हो, चाहे हिमाचल प्रदेश की, तमाम मुद्दों से भटक गई है और प्रमुख मुद्दों से जनता को भटका रही है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सोलंकी ने कहा कि तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर आम जनता की कमर टूट चुकी है। इससे बड़ी त्रासदी क्या होगी, जब एक तरफ आम जनमानस कोरोना से परेशान है, तो वहीं डीजल के दाम के चलते सबसे बड़ी मार किसान पर पड़ी है। किसान अपनी उपज को महंगे भाड़े के चलते मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहा है।
यही वजह है कि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। मोदी सरकार लाखों, करोड़ों के पैकेज की बात करती है, मगर डीजल और पेट्रोल के मूल्यों को लेकर जनता की जेबों पर डाका डाल रही है।