सीएम बोले, सभी दावेदारों को टिकट देना मुनासिब नहीं, नए मोटर व्हीकल एक्ट में करेंगे कुछ बदलाव
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। मंडी : सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा उपचुनावों के दोनों सीटों को भारी अंतर से जीतेगी। उन्होंने कहा कि सभी दावेदारों को पार्टी टिकट नहीं दे सकती थी। किसी एक को ही टिकट दिया जाना था। 14 लोग टिकट के दावेदार थे। जिनमें से एक को ही पार्टी ने टिकट दिया। जो लोग टिकट को लेकर नाराज हुए उन्हें मनाने की भी कोशिशें की गई।
उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था है इसमें पार्टी कैंपेन के लिए पूरी ताकत से उतरेगी और जनसहयोग से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश में चहुंमुखी विकास करने में कोई कमी नहीं रखी है। सरकार ने पीएम मोदी की नीतियों को पूरी तरह से लागू किया है। उन्हें इसका भरपूर समर्थन उपचुनावों में मिलेगा। जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि नया मोटर व्हीकल एक्ट उपचुनावों के बाद लागू कर दिया जाएगा। इसकी समीक्षा की जा रही है। जो आवश्यक बदलाव करने होंगे वह किए जाएंगे। इसके लिए विचार किया जा रहा है।
पीएम-गृह मंत्री इन्वेस्टर मीट में होंगे शामिल
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सात और आठ नवंबर को धर्मशाला में आयोजित होने वाली इन्वेस्टर मीट में पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह प्रमुख रूप से शामिल होंगे। उनके आने से जहां निवेशक उत्साहित होंगे वहीं पर निवेश में आने वाली समस्याओं का भी वे मौके पर समाधान करेंगे।
नौ अक्तूबर को आएंगे जेपी नड्डा
जयराम ठाकुर ने कहा कि नौ अक्तूबर को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा दौरे पर आ रहे हैं। इसके लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं को पूरी तरह से तैयार किया जा रहा है। उन्हें सरकार की उपलब्धियों के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। कार्यकर्ताओं में उनके आने पर भारी उत्साह है।
Discussion about this post