राजीव भनोट।ऊना : सौरमंडल के सबसे बड़े व नवग्रहों में सबसे अधिक शुभ माने जाने वाले देव ग्रह बृहस्पति वर्ष 2020 में जब राशि परिवर्तन करेंगे तो कईयों की किस्मत चमकेगी और कईयों के लिए सफलताओं के द्वार खुलते चले जाएंगे। देश के परिदृश्य पर भी इसका असर देखने को मिलेगा। विश्व पटल पर भारत का दबदबा और बढ़ेगा। कई मोर्चोंं पर देश को बड़ी कूटनीतिक जीत भी हासिल होगी।
ज्योतिष पर शोध पुस्तक लिखने वाले साहित्यकार गुरमीत बेदी के मुताबिक जिन लोगों पर देव गुरु बृहस्पति मेहरबान हों, उनकी कुंडलियों में कोई अन्य दोष होने पर उनका प्रभाव भी कम हो जाता है । अगर गुरु अशुभ भाव में स्थित हों, तो भी अपने गोचर काल में वह व्यक्ति को शुभ प्रभाव प्रदान करते हैं। गुरु वृहस्पति बुद्धि तथा उत्तम वाकशक्ति के स्वामी व ज्ञान, धर्म-अध्यात्म और नैतिक कार्यों के कारक कहलाते हैं।
गुरमीत बेदी ने बताया कि देव गुरु बृहस्पति एक राशि में 13 मास तक निवास करते हैं। पिछले माह नवंबर में वह 12 वर्षों के बाद अपनी राशि धनु में आए थे और 30 मार्च, 2020 में वह स्वराशि धनु से शनि ग्रह की राशि मकर में प्रवेश करेंगे, जो उनकी नीच राशि भी है। लेकिन पुनः 30 जून को वक्री होकर धनु राशि में आ जाएंगे और फिर 20 नवंबर को गुरु वापस मकर राशि में संचरण करेंगे। बृहस्पति के राशि परिवर्तन को ज्योतिष में एक महत्वपूर्ण घटना माना जाता है और इसके विभिन्न राशियों के अलावा देश की आर्थिक व राजनीतिक स्थिति पर भी प्रभाव पड़ते हैं।
गुरमीत बेदी के मुताबिक वर्ष 2020 में गुरु की चाल से देश के आर्थिक , सामाजिक व राजनीतिक परिदृश्य पर भी इसका असर देखने को मिलेगा और कई लोगों के भाग्य का सितारा भी चमकेगा। कईयों का कैरियर बुलंदी पर जाएगा और कईयों को अतिरिक्त दायित्व भी मिलेंगे। गुरमीत बेदी ने बताया कि गुरु केे इस गोचर से *मेष* राशि वालोंं का पारिवारिक जीवन व स्वास्थ्य बेहतर रहेगा ।
- *वृषभ* राशि वालों के रुके हुए काम बनेंगे और हर क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
- *मिथुन* राशि वालों की आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी लेकिन मई में देेेेवगुरु के वक्री होने से दांपत्य जीवन में थोड़ी नीरसता का अनुभव होगा।
- *कर्क* राशि वालों को निवेश करने पर सकारात्मक परिणाम मिलेंगे लेकिन खान-पान पर विशेष ध्यान देना होगा। शत्रुओं की चालों से सावधान रहना होगा ।
- *सिंह* राशि वाले लेन-देन के मामलों में थोड़ा सतर्क रहें लेकिन मेहनत रंग लाएगी।
- *कन्या* राशि वालों का स्वास्थ्य का खास ध्यान रखना होगा लेकिन बेरोजगारों को अच्छा रोजगार मिलेगा।
- *तुला* राशि वालों को कार्यस्थल पर थोड़ी चुनौतियां आएंगी लेकिन दांपत्य जीवन बढ़िया रहेगा। अच्छे समाचार भी सुनने को मिलेंगे।
- *वृश्चिक* राशि वालों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और लंबे समय से चली आ रही किसी बीमारी से भी छुटकारा मिलेगा।
- *धनु राशि* वालों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। वर्ष के अंत में धन लाभ भी होगा।
- *मकर* राशि वाले शिक्षा व कैरियर के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे लेकिन खर्चों में भी वृद्धि होगी। आर्थिक फैसले सोच समझकर लेने होंगे।
- *कुंभ* राशि वाले नया घर खरीद सकते हैं लेकिन वाहन सावधानी से चलाना होगा। *मीन* राशि वालों को नौकरी और बिजनेस में सफलता मिलेगी।