अमित सूद,जोगिंदर नगर:
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जन जागरूकता लाने को शुरू की गई मशाल यात्रा आज जोगिन्दर नगर व चौंतड़ा पहुंची। इस दौरान जन समुदाय की सामूहिक भागीदारी के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का संदेश आम जन मानस तक पहुंचाया गया।
मंडी जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई यह मशाल यात्रा 26 जनवरी को मंडी से प्रारंभ हुई है तथा जिला भर के 52 स्थानों में पहुंचकर अढ़ाई सौ पंचायतों में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का अलख जगाते हुए 22 फरवरी को पुन: मंडी पहुंचेगी। बाल विकास परियोजना अधिकारी चौंतड़ा पूर्ण चंद ठाकुर ने बताया कि चौंतड़ा विकास खंड में मशाल यात्रा खद्दर, लड-भड़ोल, मकरीड़ी होते हुए आज चौंतड़ा पहुंची।
इस दौरान खद्दर, तुलाह, लड-भड़ोल, ममाण-बनांदर, रोपड़ी, कुठेहड़ा, पीपली, चौंतड़ा, टिकरी मुशैहरा व पसल पंचायतों से संबंधित महिला मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों, गैर सरकारी संस्थाओं की सामूहिक भागीदारी से रैली के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
बेटे धन दौलत के लोभी, बेटी सुख-दुख की साथी गीत के माध्यम से चौंतड़ा में बताया बेटी का महत्व चौंतड़ा पहुंची मशाल यात्रा के दौरान आंगनबाडी कार्यकत्र्ताओं ने बेटे धन दौलत के लोभी, बेटी सुख-दुख की साथी गीत के माध्यम से उपस्थित लोगों को बेटी का महत्व समझाया। इसके बाद विभिन्न महिला मंडलों, खंड विकास कार्यालय, पंचायत प्रतिनिधियों, मंडी साक्षरता समिति सहित अन्य गैर सरकारी संस्थाओं की सामूहिक भागीदारी द्वारा चौंतड़ा बाजार में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का संदेश दिया।
पांच बेटियों को बांटे बधाई पत्र
मशाल यात्रा के तहत चौंतड़ा में आयोजित कार्यक्रम में टिकरी मुशैहरा पंचायत में गत 6 माह के दौरान पैदा हुई 5 बेटियों व उनकी माताओं को जिला प्रशासन की ओर से दिए गए बधाई पत्रों का भी वितरण किया गया। जिनमें अमानत राणा, वान्या, शानवी, शानवी भारद्वाज, नगमा शामिल है। इससे पहले यह मशाल यात्रा जोगिन्दर नगर पहुंची तथा जोगिन्दर शहर में रैली निकालकर लोगों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।
जोगिन्दर नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिमजिमा, निचला गरोडू, दारट बगला, नेर घरवासड़ा तथा मसौली पंचायतों के महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों इत्यादि ने भाग लिया। इस मौके पर सीडीपीओ चौंतड़ा पूर्ण चंद ठाकुर, सांख्यिकी सहायक संतोष कुमार, प्रधान टिकरी मुशैहरा राजेन्द्र ठाकुर, पंचायत सदस्य राजेन्द्र कुमार, ब्यासा देवी, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका लता देवी, रीना देवी, चिंता देवी, महिला मंडल प्रधान कृष्णा ठाकुर, दान सिंह, राजेश राय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।