शैलेश सैनी। नाहन
जिला सिरमौर के प्रमुख शक्तिपीठ काली स्थान मंदिर के मुख्य महंत राजगुरु कृष्णनाथ की कोरोना वायरस से मौत हो गई है। रियासतकालीन परंपरा के अनुसार राजगुरु का दर्जा प्राप्त महंत कृष्णनाथ को वीरवार सुबह 8 बजे संत समाज द्वारा समाधि भी दी गई।
बता दें कि राजगुरु कृष्णनाथ हाल ही में 15 अप्रैल को हरिद्वार कुंभ स्नान के लिए गए थे। कुंभ मेले के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर वह नाहन लौट आए थे। इसके बाद नाहन के मेडिकल कॉलेज में उनका आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाया गया। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें साईं अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था।
बीते कल देर शाम को महंत कृष्णनाथ ने अंतिम सांस लेते हुए दुनिया से विदाई ली। राजगुरु के पंचतत्व में विलीन होने के बाद पूरे जिला सिरमौर में शोक की लहर है। महंत कृष्णनाथ 82 वर्ष की आयु के थे। नाथ संप्रदाय से ताल्लुक रखने वाले महंत राजगुरु को समाधि देने के दौरान हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली सहित हिमाचल के प्रमुख संत समुदाय ने अपनी उपस्थिति भी दर्ज कराई। राजगुरु को काली स्थान मंदिर में ही समाधि दी गई है।
हालांकि प्रशासन द्वारा पहले से ही मंदिरों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। लिहाजा राजगुरु का अंतिम संस्कार भी कोरोना प्रोटोकॉल के तहत किया गया। इस दौरान हरियाणा। अंबाला से संत मनसा नाथ, पाल नाथ विश्वनाथ यह महाराज के शिष्य भी थे और दिल्ली से संस्कार में शामिल हुए। कुरुक्षेत्र से संत सुमेर नाथ आदि समाधि दिए जाने के दौरान नाथ परंपरा संस्कार निभाने पहुंचे थे।