सुशील/रोहित कालिया। चिंतपूर्णी
जसवां परागपुर की आज़ाद जिला परिषद उम्मीदवार नीलम कुमारी ने बुधवार को प्रदेश सचिव कांग्रेस संजीव कालिया की अगुवाई में कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस दौरान कड़ोआ गांव के कुछ अन्य लोगों ने भी कांग्रेस का दामन थामा।
कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के उपरांत संजीव कालिया ने माता की चुनरी डाल सभी को सम्मानित किया और आभार प्रकट किया जो उन्होंने पार्टी पर भरोसा जताते हुए पार्टी का दामन थामा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिला कर चल रहा है। इसके चलते वो दिन दूर नहीं जब जसवां परागपुर सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस का परचम लहराएगा।
पार्टी में शामिल होने के उपरांत नीलम कुमारी ने बताया कि संजीव कालिया की बदौलत मुझे एक बड़ी पार्टी के साथ जुड़ने का मौका मिला जिसके लिए वह सौभाग्यशाली हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए वे घर-घर पार्टी के साथ कार्यकर्ता जोड़ेंगी। इस मौके पर लवली, रवि कुमार, संजय, बिपन, राहुल सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।