घनश्याम शर्मा। मनाली
पर्यटन नगरी मनाली में इन दिनों स्वच्छता अभियान जोरों से चल रहा है। इसमें नगर परिषद मनाली के समस्त कर्मचारी व लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। इस अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को नप मनाली के वार्ड 3 में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
वार्ड 3 की पार्षद सुनीता शर्मा ने कहा कि नप मनाली शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के प्रति लोग भी अपनी जिम्मेदारी को समझें। सुनीता ने कहा की बुधवार को वार्ड 3 में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान खुले में बिखरे कूड़े-कचरे को एकत्रित कर कूड़ा संयंत्र केंद्र रांगड़ी भेजा।
उन्होंने कहा कि वार्ड की हर नाली व गली को साफ किया जिसमें नप कर्मियों सहित वार्ड 3 के लोगों ने भाग लिया। सुनीता ने कहा कि समय-समय पर शहर के लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
नप अध्यक्ष चमन कपूर और उपाध्यक्ष मनोज ने कहा कि यह स्वच्छता अभियान मनाली के सभी वार्डों में चलाया जा रहा है। स्वच्छता को लेकर उन्होंने शहर के सभी लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि मनाली को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सभी मनालीवासियों का सहयोग जरूरी है।