पुनीत वर्मा। सोलन
प्रदेश के तीन जिलों में कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग होने के आसार बन गए है। जि़ला सोलन, शिमला व कुल्लू के जिला अध्यक्षों की कार्यशैली पर कांग्रेस प्रथम चरण में समीक्षा कर रही है। बात सामने आ रही है की एक सप्ताह के भीतर इन जिलों में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त हो सकते हंै। इसके लिए खाका तैयार हो रहा है।
हालांकि इन जिलों में कांग्रेस संगठन के लिहाज से परफॉर्मेंस इतनी बुरी नहीं है, लेकिन जिलों में ऊर्जावान चेहरे आगे आए, इसको लेकर जिलों की कमान बदलने की तैयारी है। पार्टी के अंदर इस बात की सुगबुगाहट है की कांग्रेस के राष्ट्रीय हाइकमान से जल्द ही तीनों जिला कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर अंतिम मुहर लगने वाली है।
सोलन के नए अध्यक्ष के रूप में अरुण शर्मा को जिम्मेदारी सौंपने की बात सामने आ रही है। शर्मा हमेशा से प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर की गुड बुक में है। वे पूर्व में बघाट बैंक सोलन के अध्यक्ष भी रह चुके हंै। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री एवं अर्की विधायक वीरभद्र सिंह गुट के नेता रमेश ठाकुर सोलन जिला कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की पैरवी कर रहे हैं। वर्तमान में शिव कुमार ठाकुर सोलन जिलाध्यक्ष है। शिमला जिला कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए पूर्व संसदीय सचिव रोहित ठाकुर का नाम आगे आ रहा है। इसका कारण यह भी माना जा रहा है कि रोहित ठाकुर पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के करीबी है। रोहित ठाकुर ऊपरी शिमला से हैं और कांग्रेस हाइकमान अब ग्रामीण क्षेत्र से अध्यक्ष देने का मना बना चुका है।
वर्तमान में यशवंत छाजटा शिमला जिला अध्यक्ष है। शिमला जिला में सात निर्वाचन क्षेत्र हैं और शिमला जिला कांग्रेस का परंपरागत गढ़ है। ऐसे में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस शिमला जिला महत्वपूर्ण होगा। कुल्लू से वर्तमान में बुद्धिसिंह जिलाध्यक्ष हैं, जबकि विधायक सुंदर सिंह का नाम अध्यक्ष के रूप में सामने आ रहा है। उधर, एक सप्ताह के भीतर नए अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर जिला में दावेदारों ने लाबिंग तेज कर दी है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए कांग्रेस हाइकमान अब अपनी जमीन मजबूत करने की तैयारी कर चुका है। पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस की परफॉर्मेंस ठीक नहीं रही। अब कांग्रेस सोलन, धर्मशाला, पालमपुर व मंडी नगर निगम के चुनाव में पार्टी की जीत को सुनिचित करना चाहती है, ताकि विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ सकें।