विशेष संवाददाता। शिमला
कांग्रेस पार्टी ने केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी का नामकरण करते हुए उन्हें सिलेंडर सिंड्रेला बताया है। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि हिमाचल में आ रहीं स्मृति इरानी यहां की महिलाओं को जवाब दें कि आखिर सिलेंडर सस्ता क्यों नहीं करवा पाईं। उनको हिमाचल प्रदेश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए जिनके साथ किया गया वायदा पूरा नहीं हुआ, उसपर सिलेंडर 410 रूपए की बजाए 1100 रूपए से ज्यादा का मिल रहा है।
यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि वर्ष 2018-19 में उज्जवला योजना के तहत गैस चूल्हे लेने वाली 1 लाख 36 हजार महिलाओं में से 83 हजार 177 ने सिलेंडर रिफिल करवाया। मगर 2021-22 में केवल 9 हजार 415 महिलाओं ने ही सिलेंडर लिया। ऐसे में अब दोबारा से महिलाएं लकड़ी का चूल्हा जलाने को मजबूर हो गई हैं।
उन्होंने बाकायदा पत्रकार वार्ता में गैस सिलेंडरों की पूजा अर्चना की और कहा कि हिमाचल आने पर स्मृति इरानी को यहां की महिलाएं गैस सिलेंडर लौटाएंगी। उन्होंने कहा कि 2019 में सब्सिडी के तौर 35,209 करोड़ रूपए दिए जा रहे थे लेकिन 2022 में सब्सिडी की रकम घटकर 242 करोड़ रह गई। उन्होंने स्मृति से प्रदेश की महिलाओं को दिए गए धोखे के लिए माफी मांगने को कहा है।
प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने कार्यकाल की 5 बड़ी उपलब्धियां गिना दें। उन्होंने जयराम सरकार कार्यकाल को फेल बताते हुए कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया है।