विजय शर्मा। सुंदरनगर
सुंदरनगर उपमंडल के भुवाना में निर्माणाधीन किरतपुर-नेरचौक फोरलेन के निर्माण कार्य हेतु कंपनी द्वारा खड्ड में अस्थाई मिट्टी डालने के बाद शुक्रवार रात हुई भारी वर्षा के बाद खड्ड में एक झील बननी शुरू हो गई है, जिससे खड्ड के साथ लगते घरों तक पानी पहुंच गया है। इससे अब पानी और ज्यादा आने के बाद साथ लागते घरों पर खतरा मंडराया हुआ है।
मकान मालिक दुर्गादत्त ने बताया कि उन्होंने फोरलेन निर्माण कंपनी को वर्षा से पहले भी कई मर्तबा खड्ड से मलबा हटाते हुए पानी की निकासी की व्यवस्था हेतु निवेदन किया गया लेकिन कंपनी ने उनकी एक न सुनी।
शुक्रवार रात को क्षेत्र में भारी वर्षा के बाद अब खड्ड में मिट्टी होने के कारण पानी की निकासी रुक गई और उनके घर तक अब एक कृत्रिम झील बन गई है। पीड़ित ने जल्द से जल्द फोरलेन निर्माण कंपनी से खड्ड के पानी की निकासी करते हुए उनके घरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।