चंद्र ठाकुर। नाहन
डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की एक महिला चिकित्सक चंडीगढ़ में कोरोना पॉजीटिव पाई गई है। महिला चिकित्सक मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसन विभाग में तैनात है।
बीते शनिवार से यह छुट्टी पर है, जो कि चंडीगढ़ में रहती है। महिला चिकित्सक के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन कांटैक्ट हिस्ट्री खंगालने में जुट गया है। जानकारी के अनुसार महिला डॉक्टर शनिवार को छुट्टी लेकर अपने घर चंडीगढ़ गई थी। इसके बाद वह कोरोना पॉजीटिव पाई गई है।
जानकारी मिली है कि महिला डॉक्टर का पति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। वह चंडीगढ़ के 32 सेक्टर मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजिस्ट हैं। नाहन कम्युनिटी मेडिसन डिपार्टमेंट में करीब नौ प्रोफेसर हैं। महिला डॉक्टर के पॉजीटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग कांटैक्ट हिस्ट्री ट्रेस करने में जुटा है।
मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. अजय शर्मा ने महिला डॉक्टर के चंडीगढ़ में कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला चिकित्सक मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसन विभाग में तैनात है, जो छुट्टी लेकर घर गई थी। कॉलेज प्रशासन कांटैक्ट हिस्ट्री खंगालने में जुटा है। उन्होंने बताया कि इस डिपार्टमेंट के सभी चिकित्सकों का कोविड-19 टेस्ट लिया जाएगा।