हिमाचल दस्तक। दौलतपुर
पुलिस थाना गगरेट के तहत गांव मरवाड़ी के गणु मंदवाड़ा में 38 वर्षीय महिला की घर की छत पर जलने से मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान मीनाक्षी कुमारी पत्नी अमरजीत सिंह निवासी गणु मंदवाड़ा के रूप में हुई है, जो कि एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी, जबकि पति फैक्टरी में कार्यरत है।
मामले में मृतक महिला के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला ने आत्महत्या की या कोई साजिश है, इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। वहीं मामले की जांच के लिए धर्मशाला से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार मीनाक्षी कुमारी की शादी करीब 15 वर्ष पहले मरवाड़ी के अमरजीत सिंह के साथ हुई थी। इनकी एक 14 वर्षीय बेटी भी है। पति की ओर से पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार अमरजीत सिंह ने बताया कि वह अंब में एक निजी उद्योग में नौकरी करता है और रोजाना की तरह शनिवार करीब 8 बजे अपने घर आया। घर के सभी सदस्य एक शादी में गए हुए थे। अमरजीत के अनुसार उसने खुद ही खाना बनाया और टीवी देखने लग गया।
इसी बीच शादी समारोह में गई बेटी को फोन किया और पत्नी के बारे पूछा, जिसके बाद पता चला कि पत्नी घर पर ही है, जिसके बाद अमरजीत ने करीब 10 बजे पत्नी की तलाश की, तो अपने ही मकान की छत पर उसको जला हुआ पाया, जो कि मृत अवस्था मेें थी। अमरजीत ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
वहीं मृतका के भाई रोहित जसवाल ने ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या का आरोप लगाया है। रोहित जसवाल के अनुसार उसकी बहन को ससुराल पक्ष के लोग अकसर तंग करते थे।
रोहित जसवाल ने कहा कि घटना की जानकारी हमें रात एक बजे दी गई। उन्होंने कहा कि ससुराल वालों ने जो कहानी बनाई है वह सरासर झूठी है।









