आरडी पराशर। सराहां
वन रेंज पच्छाद के अंतर्गत आने वाली वन बीट जामन की सेर के गांव राज्यों के साथ लगते कैंथल खाले में सिर व चारों पैर कटे तेंदुए का शव बरामद हुआ है। इससे स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार के कुछ ग्रामीण बुधवार सुबह अपने गांव में बने मन्दिर जा रहे थे जिन्हें रास्ते मे जाते समय किसी सड़े हुए पशु की बदबू लगी। इसके बाद लोगों ने जंगल मे इधर उधर देखना शुरू किया, जहां उन्हें जंगल के साथ ही खाले मे मरा हुआ तेंदुआ मिला। इसे देखते हुए पता चल रहा था कि वह कई दिनों से यहां पर मरा पड़ा हुआ है। हैरानी की बात यह थी कि तेंदुए का सिर व चारों पांव गायब थे।
सूचना मिलन के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम, पुलिस व प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार ने तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लिया। विभाग की टीम द्वारा मृत तेंदुए को पोस्मॉर्टम के लिए सराहां लाया गया। यहां उसका पोस्टमार्टम करने के बाद दाह संस्कार कमेटी ने उसे बाग पशोग के पास खाले में जलाया।
विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गौर करने की बात यह है की तेंदुए के शव से उसका सर व चारों पैर कटे हुए हैं। जिससे यह अंदाजा लगता है कि इसे किसी ने तांत्रिक क्रियाओं के लिये मारा है। खैर इस सब पर विभाग बड़ी सतर्कता से जांच में जुट गया है।
उधर आरओ सराहां महेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें आज सुबह सूचना मिली की जामन की सेर बीट में राज्यो के पास एक सर और पैर कटा तेंदुए का शव पड़ा है। इस पर हमारी पूरी टीम मौके पर पहुंची। वही पुलिस की टीम व प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कर दाह संस्कार कर दिया गया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।