ललित ठाकुर। पधर
द्रंग ब्लॉक कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाया। पार्टी कार्यालय पधर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव ठाकुर की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
ब्लॉक अध्यक्ष बामन देव ने कहा कि युवा प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भारत को कंप्यूटर टेक्नोलॉजी से जोड़ने का सपना देखा था, जो आज साकार हुआ है। राजीव गांधी के बलिदान को न देश भूला है और न ही कभी भूल पाएगा, उनमें देश को आगे बढ़ाने की दृढ़ इच्छाशक्ति थी।
वह 21वीं सदी के प्रेरणा स्रोत रहे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि स्व. राजीव गांधी के संघर्षमयी जीवन से प्रेरणा लेते हुए स्वस्थ सोच के साथ पार्टी के लिए कार्य करें। तदोपरांत पार्टी कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव की अगुवाई में ग्राम पंचायत जिल्हण के लखवाण, संदड़ा, बणग, रोपड़ु और घरेहड़ गांव में डोर टू डोर सेनेटाइजेशन किया।
लखवाण गांव कोरोना संक्रमण के 26 मामले आने बाद कंटेनमेंट जोन बनाया गया है, जहां शुक्रवार को कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी गांव में डोर टू डोर सेनेटाइजेशन किया। वहीं लोगों से एहतियात बरतने की भी अपील की। जरूरतमंद लोगों को मास्क और फल भी वितरित किए।