टेकचंद वर्मा : शिमला
हिमाचल प्रदेश में मार्च माह में ही अप्रैल जैसी गर्मी पडऩे लगी है। राज्य में मैदानी इलाकों में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया है। दिन के समय खिल रही चटक धूप के चलते अभी से ही गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो राज्य में 17 मार्च तक तापमान और तपेगा।
प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ बना रहा। तेज धूप के खिलने से तापमान में फिर से बढ़ोतरी आई है। अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तापमान में इजाफा आने से मैदानी इलाकों में गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए हैं। पहाड़ों पर भी गर्मी का अहसास होने लगा है। प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बाद पड़ रही गर्मी को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि राज्य में इस समर सीजन के दौरान लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। राज्य में बीते 24 घटों के
दौरान भी मौसम शुष्क बना रहा, जिससे न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी आई है। तापमान में उछाल आने से मैदानों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी मौसम सुहावना हो गया है। मौजूदा समय में केलांग का तापमान ही माइनस डिग्री तक रिकॉर्ड किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य के अन्य क्षेत्रों के तापमान में बढ़ोतरी आने से ठंड का प्रकोप खत्म हो गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि प्रदेश में 17 मार्च तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में ओर बढ़ोतरी आएगी।
सामान्य से पांच से छह डिग्री ज्यादा तापमान दर्ज
हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान में एकाएक भारी बढ़ोतरी रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री अधिक चल रहा है। अगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहने से तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।