सुलिंद्र चोपड़ा/राजीव भनोट। संतोषगढ़/ऊना
ऊना के संतोषगढ़ में देर रात को एक व्यवसायी पर जानलेवा हमला होने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। व्यवसायी के ऊपर कुछ अज्ञात लोगों ने गोलियां दागीं जो कि उसके पास से निकल गईं। हमले में व्यवसायी बाल-बाल बचा।
जानकारी के अनुसार संतोषगढ़ निवासी संजीव वर्मा अपने नए बन रहे मकान के पास बनाए गए शेड में सो रहा था। इतने में खिड़की से किसी ने गोली चलाई जिस पर संजीव की नींद खुल गई। इसके बाद संजीव ने भी अपनी पिस्तौल से जवाब में फायरिंग की।
इसके बाद आरोपित भाग गए। संजीव वर्मा ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 2 गोलियां दागी गई। गोली कांड की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिस पर छानबीन करने खुद एएसपी विनोद धीमान मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
उन्होंने कहा कि दोषियों को पकड़ने के लिए जांच हेतु फॉरेंसिक लैब टीम को बुलाया जाएगा। बता दें कि संजीव वर्मा ने कुछ दिन पहले खनन माफिया के खिलाफ खुल कर आवाज उठाई थी। गोली कांड को लेकर शहर में तरह-तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं, क्योंकि संजीव वर्मा सुर्खियों में रहते हैं। संजीव की टाहलीवाल में स्पेयर पार्ट्स की दुकान है।