हरीश चौहान। गोहर
जनपद की सबसे ऊंची चोटी शिकारी देवी और कमरुनाग में इस साल की पहली बर्फबारी रविवार को होने से देव समाज और पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। रविवार सुबह से आसमान में बादल उमड़ने और ठंड का प्रकोप बढ़ने से दोपहर बाद धार्मिक स्थलों में बर्फ के फाहे गिरे।
सीजन की पहली बर्फबारी होने से किसानों, बागवांनों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग ने रविवार को ही अलर्ट जारी कर दिया था। कमरुनाग देवता के कटवाल भीष्म ठाकुर ने बताया कि कमरुनाग में हल्की बर्फबारी हुई है।
एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने बताया कि शिकारीदेवी में हल्की बर्फबारी हुई है। इस बार ठंड पहले होने से सर्दी अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। अक्टूबर माह में बर्फबारी होने से इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका है।