जिला प्रशासन को राहत, बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
वरिष्ठ संवाददाता, शिमला
हिमाचल में भारी बारिश से हुए जानमाल के नुकसान पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दुख जताते हुए नदी-नालों के पास न जाने की लोगों से अपील की है। साथ ही सभी जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के आदेश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा में मारे गए लोगों के परिवारों की सरकार हर संभव सहायता करेगी। भारी बारिश के कारण किसी भी तरह की अनहोनी घटना से बचने के लिए मुख्यमंत्री ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के करीब न जाने की अपील की है। लोगों से खराब मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने का भी आग्रह किया है। किसी भी तरह की आपदा से बचने के लिए मुख्यमंत्री ने लोगों से सरकार व प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की है।
प्रदेशभर में भारी बारिश के कारण कुछ लोगों की असामयिक मृत्यु वाली घटनाएं अत्यंत पीड़ादायक है।
ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
ॐ शांति!
— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) August 20, 2022
प्रदेश में भारी बारिश के कारण जान-माल का भारी नुकसान पहुंचा है। चंबा में लैंडस्लाइड से 3 लोगों के गुम होने और एक मकान के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। मंडी-कटोला-पराशर मार्ग पर बागी नाला में बादल फटने से आई बाढ़ के कारण एक पूरा परिवार लापता हो गया है। राहत और बचाव कार्य में लगे लोगों को एक बच्ची का शव मिला है, जबकि 5 अन्य लोग लापता है। थुनाग बाजार में भी भारी तबाही हुई है।