शिमला:
राजभवन में मंगलवार को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने प्रदेश के 2013 से 2019 तक के पुलिस, सुधार सेवा, अग्निशमन सेवा तथा गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदकों के 58 विजेताओं को सम्मानित किया।
इसमें राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा, सुधार सेवा पदक, सुरक्षा पदक, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदक, राष्ट्रपति अग्निशमन सेवा पदक के लिए एक विजेता शामिल रहे। विशिष्ट सेवा के लिए प्रदत्त राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए एपी सिद्धिकी, रामदेव, पुरुषोत्तम चंद तथा अशोक तिवारी को अलंकृत किया। सराहनीय सेवा के लिए प्रदत्त पुलिस पदक के 19 विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसमें एपी सिंह, हिमांशु मिश्रा और शुभ्रा तिवारी हीरा शामिल रहे। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सराहनीय सेवा के लिए प्रदत्त सुधार सेवा पदक के लिए कुल तीन विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिसमें सुशील कुमार, हरिदत्त तथा पंकज शर्मा शामिल हैं।
विशिष्ट सेवा के लिए प्रदत्त राष्ट्रपति गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदक के दो विजेताओं को अलंकृत किया गया। सराहनीय कार्य के लिए प्रदत्त गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदक के 16 विजेताओं को सम्मानित किया गया, जबकि विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति अग्निशमन सेवा पदक के लिए एक विजेता और सराहनीय कार्य के लिए अग्निशमन सेवा के लिए कुल 12 विजेताओं को सम्मानित किया गया।
नशे के खिलाफ और बेहतर काम करे पुलिस
राज्यपाल ने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित व्यक्तियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान हम सबके लिए गौरव की बात है क्योंकि उनकी उत्कृष्ट सेवाएं समाज के लिए उदहारण हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में नशे के खिलाफ पुलिस के अधिकारी व जवान मजबूती से काम कर रहे हैं। नशे के खिलाफ अभियान के लिए कई पुलिस कर्मियों को आज पुरस्कार दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका यह सहयोग इस बुराई को खत्म करने में अन्यों में भी जोश भरेगा। बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि नशा आज हम सबके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। नशे के खिलाफ सरकार ने कई गंभीर प्रयास किए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उपस्थित थे।