हिमाचल दस्तक :विजय शर्मा : सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय कांंग्रेस कमेटी के सदस्य सोहनलाल ठाकुर ने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मंडी दौरे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने प्रदेश भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के सुंदरनगर आगमन को लेकर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग जमकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस पार्टी कार्यक्रम को एक सरकारी कार्यक्रम बना दिया है और सरकारी मशीनरी को भी इसमें झोंक दिया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा संयम खो चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के स्वागत करना कोई गलत बात नहीं है। लेकिन इस काम के लिए जिस तरीके से सरकारी मशीनरी को दुरुपयोग किया जा रहा है, यह निंदनीय कार्य है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेता को खुश करने के लिए जगह-जगह झंडे गाड़े व गेट बनाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को भी चेतावनी दी है कि सरकारी तंत्र की गरिमा बनाए रखें और व्यक्तिगत आस्था अलग बात है, लेकिन सरकारी तंत्र का भगवाकरण गलत और निंदनीय कार्य है।