हिमाचल दस्तक। पधर
पुलिस थाना पधर के अंतर्गत ग्राम पंचायत टांडू के बमलाध गांव में युवक ने अपने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार के सदस्यों ने युवक को कमरे में फंदे पर लटका पाया और बाद में पंचायत प्रधान और पधर पुलिस थाना को हादसे की सूचना दी। पधर पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार बमलाध भटोग (द्रंग) निवासी वीरेंद्र कुमार (36) पुत्र जगदीश कुमार शुक्रवार रात को देर से घर लौटा। इस बीच वह अपने परिवार से अलग दूसरे कमरे में सो गया।
घर पर मृतक की पत्नी बेटी सहित पूरा परिवार मौजूद था। वीरेंद्र सुबह नहीं उठा तो परिवार के सदस्य उसे जगाने गए। इस बीच उसे बंद कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। पधर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। डीएसपी पधर लोकेंद्र सिंह नेगी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के पास से किसी प्रकार का कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एएसआई महेंद्र सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पधर लोकेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में परिवार के सदस्यों के बयान कलमबद्ध कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।