राजीव भनोट। ऊना : नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा दूसरे वर्ष के जश्न मनाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जयराम सरकार को अब जश्न व मौजमस्ती से बाहर आकर प्रदेश के लिए काम करना चाहिए।
रविवार को जारी बयान में मुकेश ने कहा कि ऐसा लगता है कि अभी भी मुख्यमंत्री नई ताजपोशी का ही जश्न कर रहे हैं, जबकि 730 दिन होने वाले हैं। अब सरकार को सरकारी खर्च पर जश्न मनाने के स्थान पर प्रदेश के लिए काम करने की ओर आगे बढऩा चाहिए।
मुकेश ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भाजपा का विजिन डॉयक्यूमेंट याद करवाते हुए जश्न के चक्कर में मुख्यमंत्री को अपनी ही पार्टी का यह दस्तावेज भी देख लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपलब्धि के नाम पर सरकार के पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है। सिर्फ सरकारी खर्च पर जश्न पर जश्न मनाना ही उपलब्धि कही जा सकती है। उन्होंने कहा कि लोगों का मोह जयराम सरकार से भंग हो गया है। ऐसे में एक बार फिर से अधिकारियों के सिर पर लाभार्थियों को बुलाकर रैली करना चाह रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश को लाने के लिए कांग्रेस कभी विरोधी नहीं रही है, लेकिन जिस प्रकार से नियमों को तोड़कर हिमाचल को बेचने की नीयत से प्रदेश की भाजपा सरकार कानून में बदलाव कर रही है, ये हिमाचल के लिए काला दिन व खतरनाक साबित होने वाला कानून है। उन्होंने कहा कि चोर दरवाजे से निवेश लाने की नियत सरकार की सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में निवेश लाया गया था और हर बड़ा उद्योग घराना हिमाचल में काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में ही पंडोगा व कंदरौड़ी के उद्यौगिक क्षेत्र विकसित किए गए हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री मिट्टी भरने के मैदान कह रहे हैं। आज उन्हें ही सरकार अपने लैंड बैंक के रूप में दिखा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की बुरी हालत है। अवैध खनन माफिया खुले रूप से दनदना रहा है। उन्होंने कहा कि नशे पर कंट्रोल करना भाजपा सरकार की हवाई बाते साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कर्ज लगातार बढ़ रही है। बेरोजगारों की संख्या 14 लाख से ऊपर पहुंच गई है। विकास कार्यों में भेदभाव हो रहा है। विधायकों के सम्मान को जयराम सरकार दरकिनार कर रही है।
असंवैधानिक ताकतें मुख्यमंत्री पर हाबी है। चंद गैर हिमाचली अधिकारी जयराम के कंधो पर बैठकर अपना एजेंठा लागु कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का हनीमून पीरियड खत्म हो चुका है। कांग्रेस ने मजबूत विपक्ष के रूप में जनता की आवाज को उठाया है और अब कांग्रेस जनविरोधी नीतियों पर सड़कों पर उतरकर हिमालच के हितों की रक्षा करेगी। मुकेश ने कहा कि मुख्यमंत्री जश्न मनाएं, उनको मुबाकर, लेकिन प्रदेश की जनता को ये बता दें कि दो बार प्रधानमंत्री आएं क्या देकर गए और अब अमित शाह आ रहे हैं, तो क्या प्रदेश का कर्जा माफ कर के जाएंगे।