राज शर्मा : मैक्लोडगंज
मैक्लोडगंज। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में जाम, आम हो गया है। घंटों के जाम से पर्यटक परेशान हो रहे हैं। मैक्लोडगंज में जाम की समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से यह समस्या चलती आ रही है। हालांकि नगर निगम द्वारा जाम की समस्या के लिए पार्किंग के दावे किए जाते हैं, लेकिन यह दावे धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। यही वजह है कि लंबे समय से वीकंड पर पर्यटकों को यहां दिक्कतें पेश आती हैं।
नया मामला रविवार देर रात का है। पर्यटक वाहनों को डेढ़ घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा। भागसुनाग रोड़ पर जाम कैंट रोड़ पर जाम, डल झील रोड़ पर जाम होने के चलते मैक्लोडगंज से धर्मशाला आने वाले पर्यटकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। क्षेत्र के पर्यटक उद्यमियों का कहना है कि जिला व नगर निगम प्रशासन को जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रयास करने चाहिए तथा पार्किंग की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।