विजय ठाकुर। सरकाघाट
सरकारी डिपो से राशन लेकर लौट रही महिलाओं की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 3 महिलाएं घायल हुई हैं।
इनमें से 2 की हालत गंभीर होने के चलते मंडी रेफर कर दिया गया है, जबकि एक सरकाघाट में उपचाराधीन है। जानकारी के अनुसार सरकाघाट उपमंडल के तहत आने वाली थौना पंचायत की गुज्जर गैहरा गांव की 5 महिलाएं राशन लेने थौना गांव गई हुई थीं।
वापसी में उन्हें एक जीप (एचपी 65 -4509) में लिफ्ट मिल गई। महिलाएं भी घर वापसी की जल्दी में जीप पर सवार हो गईं। अभी उन्होंने कुछ ही दूरी का सफर तय किया था कि जीप हादसे का शिकार हो गई और सड़क से 250 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई है। 2 को मंडी रेफर कर दिया गया है जबकि एक का सरकाघाट में उपचार जारी है। जब हादसा हुआ उस समय जीप में 5 महिलाएं ही सवार थीं। हादसे में चालक भी घायल बताया जा रहा है।
डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। हादसे में जिन 2 महिलाओं की मौत हुई है, उनमें 60 वर्षीय झांसी देवी और 55 वर्षीय दामोदरी देवी शामिल हैं।
हादसे के बाद पीएचसी में न डॉक्टर मिला, न ही एंबुलेंस
हादसे के बाद जब घायलों को उपचार के लिए स्थानीय पीएचसी थौना ले जाया गया तो वहां पर न तो डाक्टर मिला और न ही एंबुलेंस। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में सरकार और स्थानीय विधायक के प्रति भारी रोष देखने को मिला।
लोगों का आरोप है कि उनके क्षेत्र में पीएचसी के नाम पर भवन तो तैयार कर दिया गया है लेकिन यहां पर सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। यदि मौके पर डॉक्टर होता तो शायद जल्दी उपचार मिल पाता।