सुनील ठाकुर। कपाहड़ा
घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत आने वाली कपाहड़ा पंचायत के गांव कपाहड़ा में एक बुजुर्ग दंपति डर के साए में जी रहा है। बुजुर्ग के मकान की दयनीय हालत ने उनकी रातों की नींद उड़ा दी है।
बुधवार को मानसून की पहली बारिश का पानी बुजुर्ग दंपति के मकान में घुस गया। ऊपर से छत टपक रही है और दीवारें जजर्र हैं। मकान की हालत ऐसी है कि वह कभी भी गिर सकता है। दंपति ने प्रशासन से उनकी सहायता की मांग की है। जानकारी के अनुसार कपाहड़ा में महंत राम के मकान की हालत दयनीय है।
बुजुर्ग होने के कारण वह दिहाड़ी भी नहीं लगा सकते जिससे वह अपने मकान की मरम्मत करवा सके। महंत राम ने बताया कि उनके घर की छत कभी भी गिर सकती है। उन्होंने बताया कि आगे बरसात का मौसम है जिससे खतरा और भी बढ़ गया है। बुधवार को हुई बारिश का सारा पानी घर में घुस गया। ऐसी स्थिति में वह बारिश में बाहर रहने को मजबूर हो जाते हैं।
महंत राम की बेटी संध्या देवी बुधवार को मायके पहुंची। उसने बताया कि मकान की हालत दयनीय है। पंचायत से लेकर प्रशासन तक गुहार लगा चुके हैं। पंचायत में तो उन्होंने प्रतिनिधियों के कई बार इसके बारे में अवगत करवाया, लेकिन किसी ने भी उनकी सहायता नहीं की। उसने कहा कि उसके माता-पिता काफी बुजुर्ग हो चुके हैं जिससे उनकी चिंता लगी रहती है। कभी भी यह मकान गिर सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनकी सहायता की जाए।
मामला ध्यान में आया है। मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा। पंचायत से जो भी संभव सहायता होगी, उसे किया जाएगा। इसके अलावा प्रशासन को भी इसके बारे में अवगत करवा दिया जाएगा।
-कांता देवी, प्रधान, कपाहड़ा पंचायत