एजेंसी। श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के बाहरी इलाके में एक घर से एक तेंदुआ 5 वर्षीय बच्ची को उठाकर ले गया, जिसके बाद उसके शव के अवशेष अगले दिन पास में ही जंगल में तब्दील की गई नर्सरी से बरामद हुए।
इस घटना के बाद लड़की के परिवार में गम का माहौल है। मध्य बडगाम जिले के ओम पुरा में स्थित अदा मीर के घर में 3 जून को बड़े भाई अली का 7वां जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान बार्बी डॉल के जैसे कपड़े पहनी अदा अपने घर के बरामदे में आई तो तेंदुआ उसे उठाकर ले गया।
अदा के मामा एजाज अहमद ने कहा कि अदा अपने भाई का जन्मदिन मनाने के लिए अपनी नानी के घर से वापस लौटी थी। वह सजधज कर तैयार हुई और भाई का केक काटे जाने के लिए बरामदे में बैठे अपने दादा को बुलाने गई थी, तभी यह घटना हुई। इस घटना के बाद घर में सन्नाटा पसर गया और अदा का परिवार, पड़ोसी तथा वन अधिकारी उसकी तलाश में निकल पड़े।
इस दौरान उन्हें खून के कुछ धब्बे और लड़की की गुड़िया मिली। अगले दिन पास ही में एक जंगल से लड़की के शव के अवशेष मिले। शनिवार को लड़की का अंतिम संस्कार किया गया। लोग ट्विटर के जरिए इस घटना पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इस घटना के बाद से लड़की के माता-पिता सदमे में हैं। इस साल की शुरुआत में उसकी दादी का भी देहांत हो गया था।
क्षेत्रीय वन्यजीव संरक्षक (कश्मीर) राशिद नकश ने घटना पर शोक व्यक्त किया लेकिन कहा कि इसके लिए उनके विभाग को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। नकश ने कहा कि हमने वहां पहली बार तेंदुए को देखे जाने के बाद 4 साल के दौरान कई बार वन विभाग के साथ जंगली जानवरों की मौजूदगी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि तेंदुए को देखे जाने के बाद विभाग ने पेशेवराना तरीके अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।










