शैलेश सैनी। नाहन
उत्तराखंड व हरियाणा राज्यों के साथ सटे सिरमौर जिला में दिन-प्रतिदिन कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है। हालात ये हैं कि कुछ दिनों से 150 से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले आ रहे हैं, जिसने प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है। लिहाजा अब सिरमौर जिला में 2 दिन का संपूर्ण लाॅकडाउन लगाने की तैयारी हो रही है।
दरअसल वीरवार को सिरमौर प्रशासन ने इसके संकेत भी दे दिए हैं। प्रशासन लाॅकडाउन पर चर्चा के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की भोजन व्यवस्था करने में जुटा है। इसके बाद 2 दिन का संपूर्ण लाॅकडाउन लगाया जा सकता है, जिस पर शुक्रवार को जिला प्रशासन फैसला ले सकता है। वीरवार को डीसी सिरमौर डॉ. आरके परुथी ने नाहन में आयोजित पत्रकारवार्ता में जिला में 2 दिन का संपूर्ण लाॅकडाउन लगाने के संकेत भी दिए हैं।
मीडिया से बात करते हुए डीसी सिरमौर डॉ. आरके परुथी ने बताया कि हाल ही में शनिवार व रविवार को दोपहर एक बजे तक असेंशियल सर्विसेज की दुकानें खोलने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि जिला के सभी एसडीएम के साथ उन लोगों के खाने की व्यवस्था पर चर्चा की जा रही है, जो कि रोजाना कमाकर खाते हैं। इसके बाद जिला में 2 दिन शनिवार व रविवार को संपूर्ण लाॅकडाउन पर प्रशासन विचार कर रहा है। शुक्रवार शाम तक फैसला लिया जा सकता है।
कुल मिलाकर सिरमौर जिला में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते अब स्थिति बिगड़ने लगी है। वीरवार तक जिला में एक्टिव मामलों का आंकड़ा 1600 को पार कर चुका है। लिहाजा अब नाइट कर्फ्यू लागू करने के बाद जिला प्रशासन सप्ताह में 2 दिन का संपूर्ण लाॅकडाउन भी लगा सकता है। बढ़ते संक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों से एक बार फिर कोविड प्रोटोकाॅल को सख्ती से फाॅलो करने की अपील भी की है।