धर्मचंद वर्मा। मंडी
रविवार को नगर निगम मंडी में अमृत महोत्सव अभियान की शुरुआत सफाई सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित कर की गई। इस कड़ी में नगर निगम की महापौर दीपाली जसवाल ने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस मौके पर उपमहापौर वीरेंद्र भट्ट, नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार, नगर निगम के पार्षदों सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। नगर निगम की महापौर दीपाली जसवाल ने कहा कि सफाई सम्मान समारोह के तहत आज सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि इन सफाई कर्मचारियों ने कोरोना महामारी के दौरान मंडी को स्वच्छ रखने में और लोगों के घरों से कूड़ा उठाने में अपना योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि आज से 2 अक्टूबर तक मंडी में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जाएगा और मंडी शहर में अलग-अलग स्थानों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने मंडी की जनता से अपील की है कि वो भी इस अभियान में अपनी जनभागीदारी सुनिश्चित करें।