शिमला:
दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते 2 फरवरी का जनमंच रद हो गया है। प्रदेश के कई मंत्रियों को दिल्ली में प्रचार का जिम्मा सौंपा गया है। पहले चरण में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज दिल्ली में प्रचार करेंगे। अन्य मंत्रियों की भी ड्यूटी लगेगी।
मंत्रियों के लौटने के बाद अब जनमंच का आयोजन 9 फरवरी को होगा। ग्रामीण विकास विभाग के मुताबिक जो ड्य्ूटी दो फरवरी के लिए तय हुई है, उसी आधार पर नौ फरवरी को संबंधित मंत्री जनमंच में जनता की समस्याएं निपटाएंगे। जिसके अनुसार महेंद्र ठाकुर हरोली में, सुरेश भारद्वाज देहरा में, सरवीण चौधरी नालागढ़ में, डॉ. रामलाल मार्कंडेय कुल्लू में , विपिन परमार शिलाई में, वीरेंद्र कंवर घुमारवीं में, बिक्रम सिंह डलहौजी में, गोबिंद ठाकुर सराज में, डॉ. राजीव सहजल रामपुर और नरेंद्र बरागटा बड़सर में लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
प्रचार के लिए जयराम ठाकुर दिल्ली रवाना
शिमला। दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए सीएम जयराम ठाकुर भी सोमवार को दिल्ली रवाना हो गए। सीएम जयराम ठाकुर दिल्ली चुनाव में कब प्रचार करेंगे और कब शिमला लौटेंगे, इसके बारे में जानकारी सांझा नहीं की गई है। सीएम जयराम ठाकुर का नाम भाजपा ने प्रचार के लिए जारी की गई लिस्ट में शामिल किया था। दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे आएंगे।