राजीव भनोट। ऊना
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उच्च उपयोगिता व सुविधाओं से लैस दुर्गा भवन कांप्लेक्स बनाने जा रहा है, जिसकी आधारशिला उप राज्यपाल व श्राइन बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिन्हा ने रखी।
इसके निर्माण पर 24.4 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। खास बात यह है कि इतने बड़े निर्माण कार्य का जिम्मा ऊना में आईएसबीटी बनाने वाले एमआरसी ग्रुप को मिला है।
एमआरसी ग्रुप के सीएमडी मुकेश रंजन ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड चार हजार श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए मुख्य भवन के समीप नए दुर्गा भवन का निर्माण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इसके लिए 12 माह का समय तय किया है। एमआरसी ग्रुप प्रयास करेगा कि 20 अगस्त, 2022 तक इस भवन का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि उप राज्यपाल ने इस भवन के लिए दान देने वाले सज्जनों का भी आभार जताया है।
करीब 6 करोड़ 83 लाख रुपये दान के रूप में मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को अधिकतम सुविधाएं प्रदान करने के लिए भवन को डिजाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रियों के लिए पूरा ध्यान इस भवन में रखा जाएगा। पांच मंजिला दुर्गा भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एमआरसी ग्रुप के सीएमडी मुकेश रंजन ने कहा कि हमारे लिए सौभाग्य का विषय है कि एमआरसी ग्रुप को इस भवन निर्माण के लिए काम सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाएगा।