शिमला:भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार दोपहर बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसा संगठन का सर्वोच्च पद ग्रहण करेंगे। उनकी ताजपोशी के समारोह के लिए हिमाचल भाजपा के अधिकांश नेता दिल्ली जा रहे हैं। शिमला में शनिवार को बिंदल की ताजपोशी के बाद कुछ मंत्री एवं पदाधिकारी शाम को ही दिल्ली चले गए। हिमाचल से डेढ़ हजार कार्यकर्ता दिल्ली जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार सुबह दिल्ली जाएंगे। वह पहले शिमला से चंडीगढ़ जाएंगे और चंडीगढ़ से हवाई जहाज में दिल्ली जाएंगे। भाजपा ने हिमाचल से जाने वाले कार्यकर्ताओं के लिए मजनू का टीला गुरुद्वारे में रहने और खाने का इंतजाम किया हुआ है। राज्य भाजपा के कई विधायक एवं मंत्री अपने चुनाव क्षेत्र से कार्यकर्ताओं को भी ले जा रहे हैं। दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सब इंतजाम किए जा रहे हैं।
पता चला है कि नड्डा के नामांकन पत्र पर भी हिमाचल से दो नेताओं के हस्ताक्षर होने हैं। राष्ट्रीय परिषद के लिए इसलिए शनिवार को चार विधायकों का चयन हुआ। ये भी इस चुनाव प्रक्रिया में शामिल होंगे। नए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल शनिवार को ही शिमला से सोलन चले गए। वह वहीं से दिल्ली जाएंगे। बिंदल की ताजपोशी के लिए शिमला आए केंद्रीय नेता शनिवार को ही हेलिकाप्टर से वापस लौट गए हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार और बिंदल की नई टीम 25 के बाद
राज्य सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार हो या नए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की नई टीम की घोषणा, ये सारे काम अब 25 के बाद होंगे। अभी दिल्ली में केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए दौरा होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंत्रिमंडल विस्तार पर बात करने दोबारा दिल्ली जाएंगे।
अगले महीने बेटे की शादी के लिए गांव आएंगे
नए होने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ड़ा फरवरी में अपने गांव विजयनगर बिलासपुर आएंगे। उनके बेटे की शादी है। ये भी संभव है कि वह एक बार पहले भी आएं। जब भी आएंगे, यहां सरकार स्वागत करेगी।