शैलेश सैनी। नाहन
जिला सिरमौर के कोविड अस्पताल सराहां से दो अंडर ट्रायल कैदी फरार हो गए हैं। यह दोनों कैदी कोरोना पॉजिटिव थे और सराहां अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थे।
शनिवार दोपहर बाद शाम के समय यह दोनों अस्पताल की पिछली खिडक़ी तोडक़र पुुलिस को गच्चा देते हुए फरार हो गए। बता दें कि इन दोनों अंडर ट्रायल कैदियों को बीती दस अप्रैल को साढ़े 8 क्विंटल चूरा पोस्त के साथ पांवटा पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
इनमें से एक कैदी का नाम रविंद्र कुमार निवासी वार्ड नंबर 17 गुलाब नगर कैंप जगाधरी यमुनानगर (हरियाणा), जबकि दूसरा कैदी रवि कुमार निवासी वीणा नगर मकान नंबर 180 यमुनानगर (हरियाणा) का है। दोनों कैदियों के पास से ट्रक में से करीब साढ़े 8 क्विंटल चूरा पोस्त बरामद किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों कैदी बड़े शातिर तरीके से पुलिस को बच्चा देते हुए अस्पताल से फरार हुए हैं। काबिले गौर हो कि जब इन को रिमांड पर लिया गया था तो जेल पर भेजे जाने से पहले इनका कोरोना टेस्ट हुआ था। जिस टेस्ट में यह दोनों पॉजिटिव पाए गए थे। दोनों को सराहां के कोविड सेंटर में शिफ्ट किया गया था।
दोनों कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही जिला सिरमौर पुलिस कप्तान खुशाल चंद शर्मा खुद पुलिस दलबल के साथ जिला मुख्यालय से सराहां रवाना हो गए थे। पुलिस के द्वारा जिला की सभी सीमाओं को सील करते हुए फरार कैदियों की तलाश जारी कर दी है।
उधर एसपी सिरमौर खुशाल चंद शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि सराहां के अस्पताल से दो कैदी चकमा देकर फरार हो गए हैं। उन्होंने बताया कि तमाम नाकों पर सूचना प्रेषित कर दी गई है। फरार कैदी जल्द पुलिस के गिरफ्त में होंगे।