शैलेश सैणी। नाहन
विधानसभा सत्र के दौरान राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के साथ हुए दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की प्रकरण को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कड़ी व तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। शुक्रवार को स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ प्रदेश स्तर पर रोष प्रदर्शन किए जाने का एलान किया है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री व उनके सहयोगी विधायकों ने जो विधानसभा की गरिमा को तार-तार किया है, उससे प्रदेश की संस्कृति व छवि को भारी ठेस पहुंची है। सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस बौखलाहट में है और आज जो उन्होंने संवैधानिक पद पर बैठे हुए राज्यपाल व उनके स्टाफ के साथ जो दुर्व्यवहार व धक्का-मुक्की की है, वह एक शर्मनाक घटना है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रदेश की विधानसभा के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ है।
कश्यप ने कहा कि अगर विपक्ष ने अपनी कोई बात रखनी ही थी तो वह मर्यादा में रहकर विधानसभा में अपनी बात रखते। उनके इस कृत्य से कांग्रेस के बुद्धिजीवी लोग भी काफी नाराज हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विधानसभा ऊंचा दर्शकों के लिए जानी जाती है यही नहीं ई विधानसभा लागू करने वाली यह देश की पहली विधानसभा दी है। उन्होंने बड़े सख्त अंदाज में मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस को महामहिम राज्यपाल व प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
अगर कांग्रेस माफी नहीं मांगती है तो पूरे प्रदेश भर में उनके खिलाफ रोष प्रदर्शन अभियान चलाया जाएगा। यही नहीं उनके इस अशोभनीय कृत्य को लेकर जिस प्रकार धक्का-मुक्की जैसा आपराधिक कार्य किया गया है उसको लेकर कानूनी कार्रवाई की भी मांग की जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप के साथ जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, अध्यक्ष नगर परिषद श्यामा पुंडीर, उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग व अन्य पार्षद गण मौजूद थे।