साहिल डढवाल। नूरपुर
नूरपुर के नजदीक खुशीनगर में मंगलवार को घर में रखे फ्रिज में अचानक धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि फ्रिज के परखचे उड़ने के साथ-साथ घर में आग भी लग गई।
गनीमत ये रही कि हादसे के समय घर के सभी सदस्य बाहर निकल गए थे, नहीं तो जानी नुकसान हो सकता था। हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना कर नुकसान का जायजा लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
हादसे के जानकारी देते हुए विशाल लोरिया निवासी खुशीनगर ने बताया कि मंगलवार सुबह अचानक उनके फ्रिज से धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते फ्रिज में जोरदार धमाका हो गया। उन्होंने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि फ्रिज के परखचे उड़ गए, साथ ही घर मे आग भी लग गई।
उन्होंने बताया कि उस समय घर में माता-पिता, बहन के अलावा 2 छोटे बच्चे भी मौजूद थे, लेकिन समय रहते ये लोग घर से बाहर निकल आए। विशाल ने बताया कि आग के कारण घर में रखा अधिकतम सामान राख हो गया है। उन्होंने बताया कि उनका लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं पुलिस के साथ राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी नुकसान का जायजा लिया।